कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय निकले पंचक्रोशी यात्रा पर, मार्ग में लोगों से किया संवाद
- DSS Admin
- Jun 15, 2026

मणिकर्णिका घाट पर संकल्प लेकर की शुरुआत, कपिलधारा में अभिषेक के साथ यात्रा संपन्न
वाराणसी, 15 जून (हि.स.)। ज्येष्ठ अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) की सोमवती अमावस्या के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पारंपरिक पंचक्रोशी यात्रा का शुभारंभ किया। एक दिवसीय इस धार्मिक यात्रा की शुरुआत मोक्षतीर्थ मणिकर्णिका घाट पर विधिवत संकल्प लेकर की गई।
संकल्प के बाद अजय राय ने काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और पंचक्रोशी मार्ग पर प्रस्थान किया। यात्रा के प्रथम पड़ाव कंदवा स्थित प्राचीन कर्दमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर उन्होंने जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि पंचक्रोशी यात्रा काशी की सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह उनकी पांचवीं पंचक्रोशी यात्रा है। कर्दमेश्वर महादेव को काशी के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को विशेष अनुभूति प्रदान करती है।
इसके बाद कांग्रेस का दल वाहन से यात्रा के दूसरे पड़ाव भीमचंडी पहुंचा, जहां मां भीमचंडी और भीमचंडेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख एवं समृद्धि की कामना की गई। यात्रा के दौरान अजय राय ने स्थानीय लोगों से संवाद भी किया।
यात्रा क्रम में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पयागपुर मातलदेई में आयोजित सप्त दिवसीय श्री शिवशक्ति महायज्ञ एवं भंडारे में भी शामिल हुआ। इसके पश्चात तीसरे पड़ाव जंसा स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया गया। मान्यता है कि त्रेतायुग में भगवान श्रीराम द्वारा यहां शिवलिंग की स्थापना की गई थी।
चौथे पड़ाव शिवपुर स्थित पांचों पांडवा मंदिर में अजय राय ने द्वापर युग से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार स्थापित शिवलिंग का दर्शन-पूजन किया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
यात्रा का अंतिम पड़ाव कपिलधारा रहा, जहां अजय राय ने कपिलेश्वर महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक एवं पूजन कर पंचक्रोशी यात्रा का समापन किया।
यात्रा में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

