गर्मी की छुट्टियों के बाद खुले स्कूल, प्रार्थना सभा में पहली बार गूंजा ‘वंदे मातरम्’
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
हुगली, 01 जून (हि. स.)। गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार से राज्य के स्कूलों में फिर से पढ़ाई शुरू हो गई। सोमवार को स्कूल खुलते ही राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रार्थना सभा में पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इसके साथ ही पहले की तरह राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ भी गाया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सरकारी विद्यालयों में राष्ट्रगान के साथ राज्य गीत गाने का निर्देश था। हालांकि उस निर्देश में कोई बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि उसमें ‘वंदे मातरम्’ को भी शामिल किया गया है। इसी के तहत सोमवार सुबह से ही विभिन्न स्कूलों में छात्र-छात्राएं और शिक्षक ‘वंदे मातरम्’ गाते नजर आए। चूंचूड़ा स्थित हुगली ब्रांच गवर्नमेंट स्कूल में भी प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया।
स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि नए निर्देश को ध्यान में रखते हुए पहले ही विद्यार्थियों के व्हाट्सएप समूहों में गीत भेज दिया गया था, ताकि वे इसे पहले से सीख सकें। शिक्षकों का कहना है कि गीत में कई श्लोक हैं, इसलिए आने वाले दिनों में कक्षाओं में भी विद्यार्थियों को इसे व्यवस्थित रूप से सिखाया जाएगा।
वहीं, छात्रों ने भी इस पहल का स्वागत किया। विद्यार्थियों का कहना है कि पहले दिन गीत गाने में कुछ कठिनाई हुई, लेकिन उन्हें यह अच्छा लगा और वे जल्द ही इसे पूरी तरह सीख लेंगे।
स्कूल खुलने के साथ ही परिसर में एक बार फिर चहल-पहल लौट आई है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
---------------

