एचआरटीसी कर्मचारियों को पहली तारीख को मिली सैलरी, दो जून को नहीं होगा चक्का जाम

शिमला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मचारियों के बैंक खातों में सोमवार को पहली जून को वेतन पहुंचने के साथ ही प्रदेशभर में प्रस्तावित बसों के चक्का जाम का खतरा टल गया है। एचआरटीसी चालक-परिचालक यूनियन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों को पहली जून को वेतन मिल गया है, इसलिए अब कल 2 जून को किसी भी तरह का चक्का जाम नहीं होगा और निगम की बसें सामान्य दिनों की तरह प्रदेशभर में चलती रहेंगी।

एचआरटीसी परिचालक यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि चालकों और परिचालकों के बैंक खातों में रविवार को वेतन जमा हो गया है। उन्होंने कहा कि यूनियन ने पहले ही साफ कर दिया था कि यदि पहली जून को कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला तो दो जून से पूरे हिमाचल में बसों का संचालन प्रभावित किया जाएगा। लेकिन अब कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल गया है, इसलिए बस सेवाएं पूरी तरह सुचारु रहेंगी और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

दरअसल, पिछले दिनों शिमला में हुई यूनियन और निगम प्रबंधन की बैठक के बाद चालक-परिचालक यूनियन ने वेतन और लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने चेतावनी दी थी कि यदि पहली जून को कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा तो दो जून से प्रदेशभर में एचआरटीसी बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा। यूनियन ने इसे “वेतन नहीं तो काम नहीं” का आंदोलन बताया था और कहा था कि कर्मचारियों को बार-बार अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

यूनियन का कहना था कि उसने 13 मई को ही सरकार और निगम प्रबंधन को नोटिस देकर अपनी मांगों और संभावित आंदोलन की जानकारी दे दी थी। इसी चेतावनी के चलते कर्मचारियों और यात्रियों के बीच भी यह चिंता बनी हुई थी कि कहीं दो जून से बस सेवाएं प्रभावित न हो जाएं। हालांकि पहली तारीख को वेतन जारी होने के बाद यह आशंका समाप्त हो गई है।

हालांकि वेतन मिलने के बावजूद कर्मचारियों की कई अन्य मांगें अभी भी लंबित हैं। यूनियन लंबे समय से कर्मचारियों के नाइट ओवरटाइम, एरियर और मेडिकल रीइंबर्समेंट सहित विभिन्न वित्तीय बकायों के भुगतान की मांग उठा रही है। यूनियन के अनुसार कर्मचारियों का करोड़ों रुपये का भुगतान अब भी लंबित है।

प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन ने बताया कि कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर मंगलवार 2 जून को शिमला में यूनियन की एचआरटीसी प्रबंधन के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) के साथ लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यूनियन अपनी बाकी मांगों को लेकर बातचीत के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहती है।

फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि वेतन मिलने के बाद एचआरटीसी कर्मचारियों का प्रस्तावित आंदोलन टल गया है। ऐसे में मंगलवार को प्रदेशभर में एचआरटीसी की बसें सामान्य रूप से चलेंगी और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर