चाय की चुस्की के साथ बोलीं वसुंधरा, दिल्ली में इस बार नो आपदा, जीतेगी भाजपा
- Admin Admin
- Feb 07, 2025
![](/Content/PostImages/8bcfd7a4cd60fc30b182b8657dc1888b_258803430.jpg)
उदयपुर, 7 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार को उदयपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किए और भाजपा नेताओं के पारिवारिक आयोजनों में शिरकत की। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उन्होंने ‘चाय का प्याला’ टी स्टॉल पर चाय पी और दिल्ली चुनाव को लेकर कहा कि इस बार भाजपा की जीत निश्चित है। चाय की चुस्की के साथ उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, दिल्ली में इस बार नो आपदा, जीतेगी भाजपा।
राजे सुबह उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुईं। नाथद्वारा में दर्शन करने के बाद उन्होंने चारभुजा जी और घाटावाली चामुंडा माता के भी दर्शन किए। धार्मिक यात्रा के दौरान स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनसे भेंट की।
उदयपुर आगमन के दौरान वसुंधरा राजे ने भाजपा नेता महेंद्र शेखावत के बेटे हिमांशु और युवा मोर्चा नेता अनिल जारोली की भतीजी प्राची के विवाह समारोह में भी शिरकत की। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे।
मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, दिल्ली में इस बार नो आपदा, जीतेगी भाजपा। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
---
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता