धमतरी में मतदाता सूची डिजिटलीकरण में तेजी, 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण
- Admin Admin
- Nov 29, 2025
धमतरी, 29 नवंबर (हि.स.)। धमतरी जिले में मतदाता सूची के डिजिटलीकरण का कार्य तेजी से प्रगति कर रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे इस अभियान के तहत जिले के कुल 6,47,147 मतदाताओं में से 5,73,544 मतदाताओं का डिजिटलीकरण पूर्ण हो चुका है।
जिले में सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन जनपद पंचायत नगरी का रहा, जहां 1,26,844 में से 1,19,601 ईएफ डिजिटाइज कर 94.29 प्रतिशत सफलता प्राप्त की गई। जनपद पंचायत मगरलोड (सिहावा क्षेत्र) में 92 प्रतिशत, तथा समग्र रूप से 93.08 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। इसके अलावा जनपद कुरुद: 1,63,652 में से 1,46,754 ईएफ डिजिटाइज, 89.67%
जनपद धमतरी: 1,51,741 में से 1,35,247 ईएफ डिजिटाइज, 89.13%, नगर निगम धमतरी: 74.85%, नगर पंचायत आमदी: 87.10%, नगरी, मगरलोड, भखारा, कुरुद नगर पंचायतों में भी उल्लेखनीय प्रगति रही। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने समीक्षा बैठक में कहा कि निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, जिले में ईएफ डिजिटलीकरण 88 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है, जो भविष्य की तैयारियों के लिए मजबूत आधार है। हमारी टीमें गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर कठिन परिस्थितियों में भी यह कार्य कर रही हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दे दिए गए हैं। लक्ष्य है कि आगामी निर्वाचन के लिए 100 प्रतिशत त्रुटिरहित एवं डिजिटल मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए।
कलेक्टर मिश्रा ने आगे कहा कि, तकनीक आधारित प्रक्रिया से भविष्य में नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की सेवाएं और अधिक सरल एवं तेज़ होंगी, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। धमतरी जिले में यह प्रगति प्रशासनिक दक्षता, टीम वर्क और तकनीकी उपयोग का सशक्त उदाहरण है। जिला प्रशासन शेष डिजिटलीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए निरंतर निगरानी और मार्गदर्शन कर रहा है। डिजिटल रिकार्ड से न केवल चुनावी व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि प्रत्येक मतदाता के लिए सटीक, पारदर्शी और सुव्यवस्थित सेवाएं सुनिश्चित होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



