पश्चिम बंगाल में लोकसभा की एक और विधानसभा की दो और सीटों पर भाजपा ने की जल्द उपचुनाव कराने की मांग

कोलकाता, 27 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की दो विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर लंबित उपचुनाव जल्द कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि इन सभी सीटों पर एक साथ और शीघ्र उपचुनाव कराया जाना चाहिए।

राज्य में जिस लोकसभा सीट पर उपचुनाव लंबित है, वह उत्तर 24 परगना जिले की बसीरहाट लोकसभा सीट है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के हाजी नुरुल इस्लाम ने इस सीट से 3.70 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। हालांकि, 25 सितंबर 2024 को उनके अचानक निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई और अब तक यहां उपचुनाव नहीं कराया गया है।

हाल ही में पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने बसीरहाट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के बसीरहाट संगठनात्मक जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने बसीरहाट लोकसभा सीट के साथ राज्य की दो विधानसभा सीटों पर भी एक साथ जल्द उपचुनाव कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संगठन को चुनावी तैयारियां शुरू करने और संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि बसीरहाट लोकसभा सीट लगभग दो वर्षों से रिक्त है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी लोकसभा क्षेत्र का इतने लंबे समय तक प्रतिनिधित्व से वंचित रहना उचित नहीं है। इसलिए पार्टी चुनाव आयोग से बिना और देरी किए उपचुनाव की तारीख घोषित करने की मांग कर रही है।

राज्य में जिन दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट शामिल हैं।

हाल में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों स्थानों से जीत दर्ज की। भवानीपुर में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों से हराया। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी, जिसके बाद नंदीग्राम सीट रिक्त हो गई और वहां उपचुनाव आवश्यक हो गया।

वहीं, आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक और पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर ने नाओदा और रेजीनगर, दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव जीतने के बाद नाओदा सीट बरकरार रखने का फैसला किया। इसके चलते रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है।----------------

   

सम्बंधित खबर