घर लाैट रही महिला को ट्रक ने कुचला, गर्दन से पहिया गुजरने पर दर्दनाक मौत
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
बाराबंकी, 28 जून (हि.स.)। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही 62 वर्षीय महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक का अगला पहिया महिला की गर्दन से गुजर गया, जिससे उनका सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
लोधपुरवा गांव निवासी फूलमती वर्मा (62) पत्नी पारस नाथ वर्मा (65) रविवार सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। सुबह करीब 5:30 बजे घर लौटते समय कटका नाला पुल के पास, घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर पीछे से आए तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर रामनगर पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के बड़े बेटे जितेंद्र वर्मा ने बताया कि सुबह उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि उनकी मां प्रतिदिन की तरह मॉर्निंग वॉक पर गई थीं और लौटते समय हादसे का शिकार हो गईं।
फूलमती वर्मा के पति पारस नाथ वर्मा आयुर्वेदिक विभाग में फार्मासिस्ट थे और लगभग आठ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके बड़े बेटे जितेंद्र वर्मा रामनगर ब्लॉक के बिछलखा विद्यालय में सरकारी शिक्षक हैं, जबकि छोटे बेटे पुष्पेंद्र वर्मा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) में जूनियर इंजीनियर के पद पर सीतापुर में तैनात हैं।
रामनगर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद फरार ट्रक और उसके चालक को घटना स्थल से करीब 11 किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
---------------

