रायबरेली : महिला कर्मचारी ने मरीज़ से किया दुर्व्यवहार,उपमुख्यमंत्री ने कर दिया निलंबित

रायबरेली, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला अस्पताल में अर्ध विक्षिप्त मरीज़ को महिला कर्मचारी द्वारा दुर्व्यवहार करने का वीडियो सोशल मीडिया वायरल होने का उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही जांच के भी आदेश दिए हैं।

दरअसल रायबरेली में मंगलवार को महिला कर्मचारी फर्श पर बैठे एक असहाय और अर्धविक्षिप्त व्यक्ति को बेरहमी से पैरों पर से मारती और अपशब्द कह रही है। प्रकरण का वीडियो वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फर्श पर अपनी सुध-बुध खोया एक विक्षिप्त व्यक्ति बैठा हुआ है। अस्पताल की सफेद वर्दी पहने महिला सफाईकर्मी उस पर पूरी तरह से संवेदनहीन होकर पैरों से ताबड़तोड़ मार रही है। इतना ही नहीं, वह व्यक्ति के साथ बेहद अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे वहां से हटने के लिए कह रही है। इस दौरान वहां से कई लोग और सुरक्षाकर्मी भी गुजरे, लेकिन किसी ने भी उस बेबस व्यक्ति को बचाने या महिला कर्मचारी को रोकने का प्रयास नहीं किया।

वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कड़ा रुख अपनाते हुए महिला कर्मचारी को निलंबित करने का आदेश दिया है।उन्होंने एक्स पर कहा कि मरीज़ से अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। ऐसी घटना किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री के आदेश पर उक्त महिला सफाई कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है।घटना की जांच की जा रही है।-----------

   

सम्बंधित खबर