वक्फ संशोधन एक्ट विरोधी प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में दो की मौत, मुर्शिदाबाद में हालात तनावपूर्ण
- Admin Admin
- Apr 12, 2025

कोलकाता, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ एक्ट के विरोध में हुए प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। शमशेरगंज इलाके में शुक्रवार रात शुरू हुई झड़पों के बाद दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने अब तक 118 लोगों को गिरफ्तार किया है।
हिंसा के बाद जिले में तनाव का माहौल बना हुआ है। जंगीपुर क्षेत्र में शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में आगजनी की और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। कई जगहों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पश्चिम बंगाल के कानून व्यवस्था के एडीजी जावेद शमीम ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की कि मुर्शिदाबाद में दो लोगों की मौत हुई है। हालांकि गोली किसने चलाई इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बहुत हद तक संभव है कि बीएसएफ ने गोली चलाई है।
उल्लेखनीय है कि मुर्शिदाबाद में जब पश्चिम बंगाल पुलिस हिंसा को संभालने में विफल रही तो बीएसएफ से मदद मांगी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर