देवी-देवताओं और महाकुम्भ काे लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली महिला गिरफ्तार
- Admin Admin
- Feb 01, 2025
- पुलिस महिला को नोएडा से गिरफ्तार कर मुरादाबाद लाई
मुरादाबाद, 01 फरवरी (हि.स.)। देवी-देवताओं और महाकुम्भ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली नोएडा की रहने वाली महिला निर्देश सिंह को पुलिस ने शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित महिला पहले मुरादाबाद में कहीं रह रही थी, जब पता चला कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है ताे वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नोएडा में रहने लगी थी। पुलिस महिला को नोएडा से गिरफ्तार कर शनिवार सुबह मुरादाबाद ले आई और आज न्यायालय में पेश करेगी।
महानगर के थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार कंजीवाला निवासी बजरंग दल के प्रखंड संयोजक प्रमोद सैनी ने बीते सप्ताह थाना मझोला में केस दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि साेशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हाे रहा है, जिसमें निर्देश सिंह नाम की महिला महाकुम्भ और देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रही है। इससे हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने मामले में आरोपित महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना मझोला पुलिस टीम साइबर सेल की मदद से महिला निर्देश सिंह के बारे में अन्य जानकारी भी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल