महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, हत्या का आरोप

फिरोजाबाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को एक महिला की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। ससुरालीजनों ने फांसी लगाकर महिला की मौत होने की बात कही। वहीं मायका पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है।

थाना जसराना क्षेत्र के गांव दिहुली निवासी शिवम की शादी 2021 में इटावा जिले के धीरमई गांव निवासी रिचा सिंह (24) के साथ हुई थी। बुधवार को महिला रिचा सिंह को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत पर ससुरालीजनों ने घर के कमरे में ही फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही। वहीं फांसी लगाने का कारण परिजन नहीं बता सके।

इस मामले में मृतक महिला के भाई सौरव सिंह ने बहनोई सहित ससुरालीजनों द्वारा आए दिन उसकी बहन की पिटाई करने और गला दबाकर हत्या किए जाने आरोप लगाया है।

थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने कहा कि फांसी के फंदे पर लटकने से महिला की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

   

सम्बंधित खबर