जमीन से आसमान तक हर क्षेत्र में महिलाएं अग्रणी : कृषि मंत्री

-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किया गया मातृ शक्ति का सम्मान

देवरिया, 8 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सीएमओ कार्यालय स्थित धनवंतरि सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली अग्रणी महिलाओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि आज देश के सर्वोच्च पद पर महिला विराजमान हैं। सनातन संस्कृति में प्राचीन काल से ही नारियों का सम्मान रहा है। मंडन मिश्रा की पत्नी भारती ने शास्त्रार्थ में शंकराचार्य को पराजित किया था। वर्तमान समय में महिलाएं सभी क्षेत्रों में अग्रणी हैं। जमीन से अंतरिक्ष तक महिलाओं ने अपना परचम फहराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहनों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सशक्त हुई हैं। निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के चलते पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।

सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि आज महिलाएं निरंतर आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों में मिसाल कायम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला सशक्तिकरण के लिए निरन्तर प्रयासरत हैं। डबल इंजन की सरकार में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है। मिशन शक्ति से महिलाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है। सनातन संस्कृति में मातृ शक्तियों की विशेष महत्ता है। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अलका सिंह, ब्लॉक प्रमुख तरकुलवा रामाशीष गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया गया चयन पत्रअंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को चयन पत्र प्रदान किया गया। जनपद में 250 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का चयन किया गया है। चयन पत्र प्राप्त करने के पश्चात नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के चेहरे खिल उठे।

इन महिलाओं का हुआ सम्मानबीएसए शालिनी श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह, महिला आरोग्य समिति अध्यक्ष मनीता देवी, डीपीएम पूनम, सीएचसी सलेमपुर की महिला चिकित्साधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सीएचसी रुद्रपुर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता कुशवाहा, गौरीबाजार सीएचसी की स्टॉफ नर्स मिनी पाण्डेय, आईसीडीएस से बाल विकास परियोजना अधिकारी सुषमा दुबे, संगीता राय, आंगनबाड़ी विंध्यवासिनी उपाध्याय, मीना जोशी, उद्यमी विभाग से प्रियंका पाण्डेय, आशा कुशवाहा, रजनी देवी, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक कुमुद सिंह, प्रियंका मिश्रा, दीपा सिंह, अमृता द्विवेदी, अनीता यादव, महिला कल्याण विभाग से नीतू भारती, मीनू जायसवाल, चांदनी मिश्रा, सीमा जायसवाल, अंजनी द्विवेदी, पूनम, रश्मि पाण्डेय, एनआरएलएम से सुनीता जायसवाल, शशिप्रभा, इंदू श्रीवास्तव, विमला देवी सम्मानित हुईं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

   

सम्बंधित खबर