ससुराल गए युवक की चेकडैम में मिली लाश, मां ने लगाया हत्या का आरोप
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
बांदा, 05 जुलाई (हि.स.)। ससुराल जा रहा युवक चेक डैम में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में चीख पुकार मच गई। मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के तरहटी कालिंजर निवासी सहीरूददीन ने बताया कि उसका 36 वर्षीय चचेरा भाई गुलाम नबी पुत्र भुन्नू शनिवार की शाम अपनी ससुराल सकतपुर जाने की बात कह कर घर से निकला था। तभी पैर फिसल जाने से चेक डेम में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह उसका शव ग्रामीणों ने उतराते हुए देखा तो कुछ लोगों ने उसे पहचान लिया। मामले की जानकारी परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक की मां मुन्नी और बहन शाहजहां ने बताया कि वह पत्नी के साथ मुम्बई में रहता था। वह एक पखवारा पहले गांव आया था। पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। वह ससुराल के लिए कह कर घर से निकला था। आरोप लगाया कि ससुराली जाने ने उसे मारपीट कर मार डाला और चेक डैम में फेंक दिया। वहीं मृतक के ससुर मंसूर खान ने बताया कि उसकी पुत्री सादिया अपने पुत्र तालिब और पुत्री गोरीबाई के साथ मुम्बई में रहती है। गुलाम नबी शराब पीने का आदी है। वह अक्सर झगड़ा करता था। ससुर का कहना है कि वह नशे में नहाने लगा तभी चेक डैम में डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
थानाघ्यक्ष कालिंजर दारा सिंह ने रविवार काे बताया कि प्रथम दृष्ट्रया उसकी डूबने से मौत हुई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आएगी।
---------------

