सोनीपत: वीर गोकुला व छोटू राम जयंती पर यमुना स्वच्छता अभियान चलाया
- Admin Admin
- Feb 03, 2025
सोनीपत, 3 फ़रवरी (हि.स.)। मुरथल
स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में दीनबंधु छोटू राम
एवं वीर गोकुला जाट की जयंती के अवसर पर सोमवार को यमुना के मिमारपुर घाट पर स्वच्छता
अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के पूर्व ओएसडी डॉ.
योगेंद्र मलिक एवं सामाजिक व राष्ट्रीय विचारक राजेश गोयल मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम
की अध्यक्षता कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने की।
डॉ.
योगेंद्र मलिक ने वीर गोकुला की वीरता का स्मरण कराते हुए कहा कि उन्होंने औरंगजेब
के शासनकाल में मथुरा के मंदिरों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। ब्राह्मणों की पंचायत
ने उन्हें अपना नेता माना, और उन्होंने 20 हजार सैनिकों की सेना संगठित कर मुगलों के
खिलाफ युद्ध किया। 10 मई 1666 को तिलपत में हुए युद्ध में वे विजयी रहे। हालांकि, औरंगजेब
ने उन्हें बंदी बनाकर 1 जनवरी 1670 को आगरा के किले में मार डाला। डॉ. मलिक ने कहा
कि विश्वविद्यालयों से वैज्ञानिक और इंजीनियर के साथ साथ अच्छे नागरिक बनाए जाते हैं।
जल संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि यमुना हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा
है, और जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है। सभी जल संरक्षण का संकल्प लें।
सामाजिक
विचारक राजेश गोयल ने कहा कि यमुना नदी हमारे जीवन का आधार है और इसकी स्वच्छता हमारी
जिम्मेदारी है। उन्होंने सरपंचों और ग्रामीणों से अपील की कि वे यमुना स्वच्छता अभियान
में सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि यह प्रयास सफल हो सके।
कुलपति
प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने ऋग्वेद के उदाहरण देते हुए जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित
किया। उन्होंने कहा कि जल सभी प्राणियों के लिए अमूल्य उपहार है, और इसका संरक्षण प्रत्येक
नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर
पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अजय कुमार गर्ग ने भी जल संरक्षण की आवश्यकता पर
जोर दिया और कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण सुरक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास
करने चाहिए। कार्यक्रम में डीसीआरयूएसटी के विद्यार्थियों और स्टाफ ने भाग लिया तथा
यमुना तट पर स्वच्छता अभियान चलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना