यह जीत जनता द्वारा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का प्रमाण : अश्विनी चौबे
- Admin Admin
- Feb 08, 2025
![](/Content/PostImages/c3fbcb7486bd58eb66fdfcd7b11caa8f_1897070747.jpg)
भागलपुर, 8 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने इस ऐतिहासिक जीत को जनता द्वारा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना अटूट विश्वास प्रकट किया है।
चौबे ने इस शानदार सफलता के लिए दिल्ली की जागरूक जनता, परिश्रमी कार्यकर्ताओं और समर्पित पदाधिकारियों का हृदय से आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने विशेष रूप से पूर्वांचल की जनता का धन्यवाद किया, जिन्होंने मोदी जी की नीतियों और भाजपा की विचारधारा पर भरोसा जताते हुए पूर्ण समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। भाजपा की यह ऐतिहासिक विजय देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठी और आपदा सरकार को उखाड़ फेंकने का काम किया है। इसके लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर