न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने मुंबई में किया भारतीय जहाज 'सूरत' का दौरा


   - पश्चिमी नौसेना कमान ने भारतीय नौसेना की क्षमताओं के बारे में जानकारी दी

 नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ​गुरुवार को मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड में भारतीय नौसेना के नवीनतम स्वदेश निर्मित विध्वंसक युद्धपोत आईएनएस सूरत का दौरा किया।​ उनके साथ रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के नौसेना प्रमुख रियर एडमिरल गेरिन गोल्डिंग ​भी थे। पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय जे सिंह ने प्रधानमंत्री का स्वागत ​करके उन्हें भारतीय नौसेना की क्षमताओं के बारे में जानकारी दी।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन 19 से 24 मार्च तक ​भारत के दौरे पर आए हैं। इसी समय रॉयल न्यूजीलैंड नौसेना के जहाज 'एचएमएनजेडएस ते काहा' ने भी मुंबई के पश्चिमी तट पर लंगर डाले हैं। न्यूजीलैंड नौसेना के संयुक्त कार्य बल (सीटीएफ) 150 के कमांडर कमोडोर रॉजर वार्ड और रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के नौसेना प्रमुख रियर एडमिरल गेरिन गोल्डिंग भी पश्चिमी नौसेना कमान मुख्यालय के दौरे पर पहुंचे हैं। ये यात्राएं न्यूजीलैंड नौसेना और भारतीय नौसेना के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुंबई दौरे पर पहुंचे न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री और नौसेना अधिकारियों को युद्धपोत आईएनएस सूरत की जटिल डिजाइन, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों और जबरदस्त क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। स्वदेश निर्देशित मिसाइल विध्वंसक यह पोत इसी साल 15 जनवरी को नौसेना में शामिल किया गया था। इसे भारतीय नौसेना ने डिजाइन और मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने तैयार किया है। यह युद्धपोत आत्मनिर्भर भारत का एक शानदार उदाहरण है, क्योंकि इसमें 75 फीसदी से अधिक स्वदेशी सामग्री इस्तेमाल की गई है।

न्यूजीलैंड नेवी के प्रमुख​ने पश्चिमी नौसेना कमान के कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय सिंह ​से मुलाकात कर के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नौसैनिक गतिविधियों पर चर्चा की। एडमिरल ने मुंबई स्थित गौरव स्तम्भ पर पुष्पांजलि अर्पित ​करके राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले कार्मिकों को श्रद्धांजलि दी।न्यूजीलैंड​ का जहाज मुंबई यात्रा के दौरान आपसी सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से कई गतिविधियों ​में हिस्सा लेगा। अपने प्रस्थान के समय यह जहाज भारतीय नौसेना के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास में ​भी भाग लेगा। 

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

   

सम्बंधित खबर