पलामू, 28 जून (हि.स.)। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आदिम जनजाति परहिया जाति की गर्भवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे इलाज के लिए शुक्रवार रात में भर्ती कराया गया था, शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान पलामू से सटे लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के हेन्देहास गांव की अनिता कुमारी (19 वर्ष) पति विनय परहिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों के बयान पर छानबीन कर रही है।
बताया जाता है कि अनिता ने शुक्रवार शाम जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। उस समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। साप्ताहिक बाजार होने के कारण परिवार के लोग घर से बाहर थे। जब लोग घर पहुंचे तो देखा कि अनिता बैठे-बैठे अचानक गिर गयी। पूछने पर बताया कि उसने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है। उसे इलाज के लिए बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाया गया, लेकिन वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। एमएमसीएच में इलाज के क्रम में अनिता ने दम तोड़ दिया।
मृतका के भाई प्रमोद परहिया ने बताया कि दो साल पहले अनिता की शादी विनय परहिया से करायी थी। किसी तरह के विवाद से इनकार किया। बताया कि अनिता का पति 25 दिन पहले मजदूरी करके लौटा था। घर पर ही रह रहा था। पति ने ही रात में फोन करके घटना की जानकारी दी थी।
इधर, शव को देखने के बाद जानकारी हुई कि अनिता के हाथ पर चोट के निशान थे, खून लगा हुआ था। संभावना है कि आत्महत्या से पहले विवाद हुआ होगा। हालांकि पति समेत ससुराल पक्ष के परिजन कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। घटना के बाद से अनिता के पति विनय की तबियत बिगड़ गयी है। उसका भी इलाज चल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार



