अमृतसर में मेडिकल स्टोर बंद, दवाइयों के लिए भटके मरीज:ऑनलाइन कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन, कैमिस्ट बोले-मांगें न मानी तो करेंगे संघर्ष
- DSS Admin
- May 20, 2026
पंजाब और चंडीगढ़ में आज मेडिकल स्टोर संचालकों की 24 घंटे की हड़ताल चल रही है। इसी दौरान लोगो को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । यह हड़ताल पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर की गई है। एसोसिएशन ने कहा कि ऑनलाइन दवा कंपनियां नियमों का उल्लंघन कर रही हैं और स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों के व्यापार को नुकसान पहुंचा रही हैं। इसके चलते अमृतसर की प्रसिद्ध दवाई मंडी कटड़ा शेर सिंह में भी पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा और लगभग सभी मेडिकल दुकानें बंद दिखाई दे रहीं है। मीडिया से बातचीत करते हुए अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के महासचिव मनजीत सिंह ने बताया कि यह हड़ताल पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन और ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर की गई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां भारी छूट देकर दवाइयां बेच रही हैं, जिससे छोटे दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना उचित जांच के दवाइयां बेची जा रही हैं, जिससे नकली दवाइयों का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लाई जा रही नई नीतियों के कारण आने वाले समय में केमिस्टों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। एसोसिएशन के मुताबिक ऑनलाइन नेशनल ड्रग लाइसेंस पोर्टल में भी कई तकनीकी खामियां हैं, जिनसे दुकानदार परेशान हैं। AI से फर्जी प्रिस्क्रिप्शन का आरोपAI से फर्जी प्रिस्क्रिप्शन का आरोप वहीं, अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के वाइस प्रधान अमरदीप सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए फर्जी प्रिस्क्रिप्शन तैयार कर ऑनलाइन दवाइयां बेची जा रही हैं, जो लोगों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नकली दवाइयों की सप्लाई भी आसानी से हो रही है, इसलिए केमिस्ट विरोध में आवाज उठा रहे हैं। मांगें न मानीं तो आंदोलन होगा तेज एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अगले महीने अखिल भारतीय स्तर पर बैठक की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय होगी।

