अमृतसर में दर्दनाक हादसा:हरिमंदिर साहिब दर्शन को आए सिरसा के 13 वर्षीय अमृतधारी सिख बालक की पेड़ गिरने से मौत
- Neha Gupta
- Jun 22, 2026
हरियाणा के सिरसा से श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने आए श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ अमृतसर में दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 13 वर्षीय अमृतधारी सिख बालक राजप्रीत सिंह की मौत हो गई। SGPC अधिकारियों ने जताया शोक जानकारी के अनुसार सिरसा से 15 सिंहों का जत्था देर रात करीब 2 बजे श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करने के लिए अमृतसर पहुंचा था। जत्था रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी यानी एसजीपीसी की मुफ्त बस सेवा का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद कई दशक पुराना एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से 13 वर्षीय भुजंगी सिंह राजप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। रेलवे थाना अमृतसर के एएसआई बगीचा सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही श्री दरबार साहिब के मैनेजर बिक्रमजीत सिंह समेत एसजीपीसी के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। मृतक के पिता ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। सिख मर्यादा का करता था पालन उन्होंने कहा कि उनका 13 वर्षीय बेटा राजप्रीत सिंह छोटी उम्र से ही सिखी के साथ गहराई से जुड़ा हुआ था। राजप्रीत ने कम उम्र में ही अमृत छक लिया था और वह एक अमृतधारी सिख के रूप में गुरसिख जीवन व्यतीत कर रहा था। वह नियमित रूप से गुरबाणी का पाठ करता था, गुरुद्वारा साहिब जाता था और सिख मर्यादा का पालन करता था।

