भास्कर न्यूज | अमृतसर पावरकॉम के हॉल गेट सिटी सर्किल के एसई ने एक निलंबित सहायक लाइनमैन को प्रमोट करके लाइनमैन बना दिया। कुछ दिन पहले ही इस सहायक लाइनमैन साहिल ने अपने साथियों पर चाकू से हमला किया था। इसके अलावा, कर्मचारी ने एसडीओ के साथ भी अभद्र व्यवहार किया था। एसडीओ और अन्य कर्मचारियों ने इसकी लिखित शिकायत अपने उच्च अधिकारियों से की थी। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने आरोपी सहायक लाइनमैन को सस्पेंड कर दिया था। वहीं दूसरी तरफ, सिटी सर्किल के पुराने एसई इंजी. जीएस खेहरा के सेवामुक्त होने के बाद अब नए एसई इंजी. अजीत पाल सिंह मुल्तानी ने इस निलंबित सहायक लाइनमैन की बिना जांच किए प्रमोट कर दिया है और लाइनमैन बनाकर टुंडा तालाब में तैनात कर दिया है। इसे लेकर कर्मचारियों में रोष है। सूत्रों के अनुसार, अगर पावरकॉम द्वारा किसी कर्मचारी को निलंबित किया जाता है, तो उसका हेड क्वार्टर किसी दूसरे सर्किल में बनाया जाता है। वहां हाजिरी लगाने के बाद अधिकारियों की अलग से एक कमेटी बनाकर जांच शुरू की जाती है। परंतु ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी निलंबित कर्मचारी को बिना जांच के ही प्रमोट कर दिया गया हो। ^एक्सईएन की ओर से कार्यालय को सहायक लाइनमैन को सस्पेंड करने के संबंध में कोई पत्र नहीं लिखा गया था। इसी कारण निलंबित कर्मचारी को प्रमोट कर दिया गया। अब आदेशों को रद्द करके मामले की जांच करवाई जाएगी। -इंजी. अजीत पाल मुल्तानी, एसई, सिटी सर्किल

