बरनाला में बाइक को टक्कर मार पेड़ से टकराई कार:दोनों वाहन चालकों की मौत, इकलौता चिराग बुझा, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
- Neha Gupta
- Jun 26, 2026
बरनाला में बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर मोगा पुल के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत होने का मामला सामने आया है। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार आई-20 कार ने आगे जा रही मोटरसाइकिल को इतनी भयानक टक्कर मारी कि बाइक सवार और कार चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल बरनाला ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम करवाया और फिर शव परिजनों को सौंप दिए। थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। दूध बेचकर घर लौट रहा था बाइक सवार अस्पताल और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बठिंडा के गुरसेवक नगर निवासी बूटा सिंह और रामपुरा निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बूटा सिंह बरनाला टी-प्वाइंट पर रोज की तरह दूध की सप्लाई करने के बाद अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। जब वे हाईवे पर मोगा पुल के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार आई-20 कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक को घसीटते हुए पेड़ से टकराई कार, उड़ गए परखच्चे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि टक्कर मारने के बाद कार मोटरसाइकिल को सड़क पर काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई और इसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक मजबूत पेड़ से जा टकराई। इस जबरदस्त भिड़ंत में कार और मोटरसाइकिल दोनों के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घर का इकलौता चिराग बुझा, मां और तीन बच्चों के सिर से उठा साया दुर्घटना के बाद मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने तुरंत दोनों लहूलुहान घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बाइक सवार बूटा सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार चालक हरप्रीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। मृतक बूटा सिंह अपने पीछे पत्नी, बुजुर्ग मां और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वह अपने पूरे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से हंसता-खेलता परिवार बिखर गया है।

