अजमेर मंडल व उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
अजमेर, 10 जून(हि.स.)। अजमेर मंडल तथा उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय जयपुर को मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) के सफल कार्यान्वयन और डिजिटल बदलाव के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। भारतीय रेलवे के कुल 4 मंडलों, 4 कारखानों और 3 अन्य इकाइयों में उत्तर पश्चिम रेलवे ने अपनी खास जगह बनाई है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा कार्मिक विभाग, अजमेर मंडल और उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्कृष्टता प्रमाण पत्र सर्टिफिकेट ऑफ़ एक्सीलेंस ) प्रदान किया गया है।
रेलवे बोर्ड द्वारा यह सम्मान डिजिटल पहल 'एचआरएमएस आदर्श' - एडॉप्शन, डेप्लॉयमेंट और रिइन्वेंटिंग ऑफ सर्विसेज थ्रू एचआरएमएस के तहत रेल सेवाओं को आधुनिक, पारदर्शी और कर्मचारी-अनुकूल किए जाने और महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है।
मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) के पूर्ण रूप से कार्यान्वयन, डिजिटल डेटा अपग्रेडेशन, और रेल कर्मियों से जुड़ी विभिन्न सेवाओं (जैसे पास, प्रोविडेंट फंड, लीव और सेटलमेंट प्रक्रिया) को सुगम और हाई-टेक बनाने में अजमेर मंडल और एनडब्ल्यूआर मुख्यालय के कार्मिक विभाग ने की विशेष भूमिका निभाई। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (मानव संसाधन) द्वारा हस्ताक्षरित राष्ट्रीय स्तर का प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया है।
इस सफलता पर अजमेर के मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव व कार्मिक विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार टीम की मेहनत, नवाचार व रेल कर्मचारियों के कल्याण के प्रति उनकी डिजिटल प्रतिबद्धता का परिणाम है। इस प्रणाली के लागू होने से न केवल कार्यकुशलता बढ़ी है, बल्कि मानव संसाधन प्रबंधन में अभूतपूर्व पारदर्शिता भी आई है।
---------------

