बरनाला की दाना मंडी में प्रवासी महिला की मौत:चिट्टे का इंजेक्शन लगाने का आरोप, पुलिस ने केस दर्ज किया; जांच में जुटी

बरनाला की दाना मंडी में एक प्रवासी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नशीले पदार्थ का इंजेक्शन लगाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला चिट्टा (हेरोइन) के सेवन से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतका की पहचान तपा निवासी सुखविंदर कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से बरनाला की दाना मंडी में बनी झुग्गियों में एक अज्ञात व्यक्ति के साथ रह रही थी। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। SHO बोले- महिला के साथ रहने वाला व्यक्ति नशा करता था थाना सिटी-1 बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में अमृतपाल सिंह उर्फ अमर, निवासी खुड्डी कलां ने जानकारी दी। अमृतपाल सिंह दाना मंडी बरनाला में मार्केट कमेटी का फर्शी धर्मकांटा ठेके पर चलाता है। उसने बताया कि मृतका सुखविंदर कौर के साथ रहने वाला व्यक्ति नशा करने का आदी था। शिकायतकर्ता अमृतपाल सिंह के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने उसे बताया था कि वह चिट्टा नामक नशीला पदार्थ सीमा पत्नी गग्गी, निवासी बैंक साइड बस स्टैंड बरनाला से खरीदता है। आरोप है कि घटना वाले दिन अज्ञात व्यक्ति ने सुखविंदर कौर को चिट्टे का इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी-1 बरनाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और नशा सप्लाई करने वाले संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। जांच अधिकारी के अनुसार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में नशे की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सेवन पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत है ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके। पुलिस का दावा है कि नशा तस्करी और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस मामले में भी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

   

सम्बंधित खबर