मलेरकोटला में कूड़े के ढेर में जोरदार धमाका:हादसे में एक भैंस घायल, प्रशासन की लोगों से अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें

मलेरकोटला जिले में एक बार फिर धमाके की खबर सामने आई है। शहर के हथौआ रोड स्थित कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पास खड़ी एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबराकर अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका काफी तेज था, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम एसएसपी गुरमीत सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हथौआ रोड पर कूड़े के ढेर में विस्फोट हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी इसी क्षेत्र के नजदीक इसी तरह का धमाका हो चुका है, जिसके कारण पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। एसएसपी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से सैंपल जुटा रही है ताकि धमाके के कारण और इसमें इस्तेमाल सामग्री का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस अधिकारी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि धमाके से पहले किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चल सके। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

   

सम्बंधित खबर