फरीदकोट में नशा विरोधी अभियान के दौरान युवक गिरफ्तार:97 ग्राम चरस बरामद, पुलिस करेगी नेटवर्क और सप्लायरों की जांच

फरीदकोट के थाना सिटी पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 97 ग्राम चरस सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फरीदकोट की नानकसर बस्ती निवासी हरगोविंद सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सिटी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस द्वारा एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत थाना सिटी फरीदकोट के एएसआई चमकौर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस पार्टी कोटकपूरा रोड स्थित बंद पड़ी शुगर मिल के पास पहुंची तो वहां उक्त युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 97 ग्राम चरस बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रिमांड लेकर बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की जांच की जाएगी-पुलिस इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई चमकौर सिंह ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उससे पूछताछ कर चरस के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा सके तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।

   

सम्बंधित खबर