बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के छात्र फ़रदीन का “जागृति यात्रा 2026” में राष्ट्रीय स्तर पर चयन

बीकानेर, 17 मई (हि.स.)। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के साइबर सिक्योरिटी विभाग के छात्र फ़रदीन ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित जागृति यात्रा 2026 में स्थान बनाया है। देशभर से आए हजारों आवेदनों के बीच चयनित होकर फ़रदीन ने विश्वविद्यालय, राजस्थान और युवा उद्यमिता जगत का नाम रोशन किया है।

बीटीयू के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि फ़रदीन वर्तमान में विश्वविद्यालय में कंप्यूटर साइंस एवं साइबर सिक्योरिटी शाखा के छात्र हैं। उन्होंने अपनी टीम और स्टार्टअप “ग्रीन टेक टाइटंस” के माध्यम से नवाचार, सामाजिक प्रभाव और तकनीकी समाधान पर कार्य किया है।

गौरतलब है कि जागृति यात्रा देश की प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यमिता ट्रेन यात्रा है, जिसमें चुनिंदा युवाओं को सामाजिक नेतृत्व, स्टार्टअप, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जाता है। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को देशभर के सफल उद्यमियों, सामाजिक संस्थाओं और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

फ़रदीन की उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार और सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। कुलगुरु अखिल रंजन गर्ग ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्र की प्रतिभा और परिश्रम के साथ विश्वविद्यालय के नवाचारपूर्ण शैक्षणिक वातावरण की भी पहचान है। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मंच युवाओं के नेतृत्व, सामाजिक जागरूकता और उद्यमिता क्षमता को नई दिशा प्रदान करते हैं।

प्राचार्य परबंत सिंह संधू ने विश्वास व्यक्त किया कि फ़रदीन यात्रा से प्राप्त अनुभवों और ज्ञान का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करेंगे। वहीं मेंटर गायत्री शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों का नवाचार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।

फ़रदीन ने कहा कि उनका उद्देश्य तकनीक और नवाचार के माध्यम से समाज एवं पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान विकसित करना है।

---------------

   

सम्बंधित खबर