फरीदकोट में केमिस्टों की हड़ताल का व्यापक असर:ऑनलाइन दवाओं के कारोबार के विरोध में बंद रहीं दुकानें, लोगों को उठानी पड़ी परेशानियां

देशभर में केमिस्ट संगठनों के हड़ताल के आह्वान का असर फरीदकोट जिले में भी देखने को मिला। फरीदकोट, कोटकपूरा व जैतो शहर में होलसेल और रिटेल दवा विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद रखकर हड़ताल में हिस्सा लिया। हड़ताल के चलते कई स्थानों पर दवा खरीदने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। इस दौरान शहर के केमिस्टों ने एकजुट होकर ऑनलाइन दवाओं के कारोबार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया। केमिस्टों का कहना है कि तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन दवा कारोबार का असर पारंपरिक मेडिकल स्टोरों पर पड़ रहा है, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। केमिस्ट एसोसिएशन कोटकपूरा के प्रधान हरदीप मेहता और सदस्य मनोज द्विवेदी ने बताया कि यह हड़ताल ऑनलाइन दवाएं मंगवाने के बढ़ते रुझान के विरोध में की जा रही है। उनका कहना है कि ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री पर पर्याप्त नियंत्रण और निगरानी नहीं होने से कई तरह की समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ऑनलाइन दवाओं के कारोबार को लेकर स्पष्ट नीति बनाए-एसोसिएशन एसोसिएशन के प्रधान हरदीप मेहता ने कहा कि दवाओं का व्यापार सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है और इसमें नियमों का सख्ती से पालन होना जरूरी है। सरकार ऑनलाइन दवाओं के कारोबार को लेकर स्पष्ट नीति बनाए और आवश्यक नियंत्रण लागू करे। यदि सरकार ने ऑनलाइन दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने या इस संबंध में उचित कदम उठाने की दिशा में कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले समय में संघर्ष को और तेज किया जा सकता है।

   

सम्बंधित खबर