कोटकपूरा काउंसिल चुनाव से पहले प्रशासनिक फेरबदल:एसडीएम छुट्टी पर गए, विवादों में घिरे एसएचओ चमकौर सिंह पुलिस लाइन भेजे गए

फरीदकोट जिले में नगर काउंसिल चुनाव की पारदर्शिता को लेकर सत्ताधारी व विपक्षी पार्टियों के बीच जारी खींचतान के बीच मतदान से महज 3 दिन पहले प्रशासनिक बदलाव सामने आया है। इसके तहत कोटकपूरा नगर काउंसिल चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम कोटकपूरा बेअंत सिंह सिद्धू के अचानक 15 दिनों की मेडिकल छुट्टी पर चले जाने की वजह से नए रिटर्निंग अफसर की नियुक्ति की गई है। जबकि विवाद में घिरे थाना सिटी कोटकपूरा के एसएचओ इंस्पेक्टर चमकौर सिंह बराड़ को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार कोटकपूरा के रिटर्निंग अफसर कम एसडीएम बेअंत सिंह सिद्धू के मेडिकल छुट्टी पर जाने के बाद जिला चुनाव अधिकारी कम डीसी राहुल कुमार चाबा द्वारा आदेश जारी कर उनकी जगह पंजाब मंडी बोर्ड, फरीदकोट में कार्यकारी अभियंता बिक्रमजीत सिंह को कोटकपूरा में चुनाव के लिए नया रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम सिद्धू 22 मई से 5 जून तक मेडिकल छुट्टी पर गए है। हालांकि विपक्षी पार्टियों का दावा है कि सत्ताधारी पक्ष के बढ़ते दबाव के बाद एसडीएम बेअंत सिंह सिद्धू के मेडिकल छुट्टी पर जाने की चर्चा हैं। बठिंडा में व्यक्ति की हत्या के विवाद में घिरे एसएचओ चमकौर सिंह बराड़ उधर कोटकपूरा में थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर चमकौर सिंह बराड़ को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इन दिनों एसएचओ एक विवाद में घिरे हुए है। कुछ दिन पहले बठिंडा जिले में जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मृतक के परिवार द्वारा एसएचओ पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे है। चूंकि जिस समय व्यक्ति पर गोलियां चलाई गई, उस समय एसएचओ अपनी पुलिस टीम और हत्या आरोपी पक्ष के साथ उस व्यक्ति (मृतक) को एक केस के सिलसिले में पकड़ने गए थे। मृतक का परिवार एसएचओ पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। इसी बीच वीरवार शाम जिला पुलिस ने एसएचओ को पुलिस लाइन फरीदकोट भेज दिया और उनकी जगह एडिशनल एसएचओ एएसआई सतीश कुमार को एसएचओ सिटी का चार्ज सौंपा गया है। इस संबंध में पुलिस द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

   

सम्बंधित खबर