हल्दिया के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, दृष्टिहीन छात्रों ने मारी बाजी

पूर्व मेदिनीपुर, 12 मई (हि. स.)। हल्दिया स्थित चैतन्यपुर विवेकानंद मिशन आश्रम आवासीय शिक्षायतन के दृष्टीहीन छात्रों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए माध्यमिक परीक्षा के मेधा तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस वर्ष भी इस संस्थान के छात्रों ने राज्य स्तर पर टॉप-पांच में अपनी जगह बनाई है।

संस्थान के छात्र अक्षय गोराई ने 652 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया है। वहीं श्रीतम सरकार ने 634 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रदीप नायक 627 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा कृष्णपद महतो ने 626 अंक प्राप्त कर चौथा स्थान और रोहित घोड़े ने 625 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस संस्थान के कुल 15 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था। पिछले आठ वर्षों से लगातार यह शिक्षायतन दृष्टीहीन श्रेणी में राज्य स्तर पर शीर्ष स्थानों पर अपना दबदबा बनाए हुए है।

छात्र अक्षय गोराई चंद्रकोना के निवासी हैं और पाचवीं कक्षा से ही इस संस्थान में अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वे खेलों में भी सक्रिय हैं और बंगाल ब्लाइंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हैं। अक्षय भविष्य में अंग्रेजी शिक्षक बनना चाहते हैं।

दूसरे स्थान पर रहे श्रीतम सरकार बेलघरिया के निवासी हैं और संगीत में भी रुचि रखते हैं। वे भविष्य में इतिहास के शिक्षक बनने का लक्ष्य रखते हैं।

प्रदीप नायक झारग्राम जिले के निवासी हैं और वे भी बंगाल ब्लाइंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हैं। वहीं, कृष्णपद महतो खेलों में भी सक्रिय हैं और कई पदक जीत चुके हैं। रोहित अंग्रेजी शिक्षक बनने की इच्छा रखते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष पांडा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि संस्थान में ब्रेल आधारित वैज्ञानिक पद्धति से शिक्षा दी जाती है, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास संभव हो पा रहा है।

उन्होंने बताया कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से यह सफलता लगातार हासिल हो रही है और आगे भी इसे बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर