फरीदकोट में नवनिर्मित राजस्थान नहर में दरार:पानी छोड़ने के पहले ही दिन 100 फीट कटाव से हड़कंप; मरम्मत में जुटे 250 मजदूर
- DSS Admin
- May 15, 2026
फरीदकोट में गांव फिदे कलां के पास हाल ही में कंक्रीट से बनी राजस्थान नहर टूटने का मामला सामने आया है। नहर में पानी छोड़े जाने के पहले ही दिन करीब 100 फुट से ज्यादा का कटाव पड़ गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इससे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। जानकारी मिलते ही प्रशासन व नहरी विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और कटाव को भरने का काम शुरू करवा दिया। वर्ष 2023 में हुई थी मरम्मत नहरी विभाग के एक्सईएन बलविंदर कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में भी इस नहर की मरम्मत हुई थी और उस समय बनाई गई लाइनिंग का जोड़ कमजोर था। मिट्टी बैठने के कारण यह कटाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि करीब 250 मजदूर मरम्मत कार्य में लगे हुए हैं और जल्द काम पूरा कर लिया जाएगा। सरकार से मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग वहीं गांववासियों ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। ग्रामीण हरविपन सिंह समेत अन्य लोगों का कहना है कि नहर में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिस कारण पहले ही दिन यह हाल हो गया। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच करवाने और जिम्मेदार ठेकेदारों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

