जलालाबाद के खेत में 805 ग्राम हेरोइन बरामद:पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई खेप होने का शक

फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र में एक किसान के खेत से 805 ग्राम हेरोइन बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस का मानना है कि यह नशीले पदार्थों की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में गिराई गई थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए पुलिस चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जलालाबाद के गांव ढाणी मांघ सिंह दाखली गहलेवाला इलाके में पशुओं के चारे वाले खेत में एक संदिग्ध वस्तु पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। खेत में पड़ा था खेप जांच के दौरान खेत से टेप में लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ। जब पैकेट की जांच की गई तो उसमें से करीब 805 ग्राम हेरोइन मिली। बरामदगी के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई अन्य संदिग्ध वस्तु या खेप नहीं मिली। गुरनाम सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्रोन भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा की तारबंदी से करीब दो किलोमीटर अंदर तक भारतीय क्षेत्र में आया और हेरोइन की खेप गिराकर वापस लौट गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है तथा ड्रोन नेटवर्क और तस्करी से जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि इस तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

   

सम्बंधित खबर