जालंधर में लूट मामले के दो आरोपी गिरफ्तार:नकली नंबर प्लेट वाली बाइक और दरांती बरामद, तीसरे आरोपी की तलाश जारी

जालंधर की बिलगा पुलिस ने लूट की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक मोटरसाइकिल, दो नकली नंबर प्लेट और एक दरांती बरामद की गई है।यह गिरफ्तारी गांव रामेवाल में हुई लूट की एक घटना के संबंध में की गई है। डीएसपी फिल्लौर भरत मसीह ने बताया कि लखबीर सिंह पुत्र बख्शीश सिंह, निवासी रामेवाल, अपनी पत्नी हरविंदर कौर के साथ मोटरसाइकिल पर नूरमहल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें दरांती से धमकाकर 3500 रुपये नकद छीन लिए थे। पीड़ित लखबीर सिंह के बयान के आधार पर बिलगा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 2 आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान, पुलिस ने तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ ​​सुखा पुत्र रेशम, निवासी कोट बादल, थाना नूरमहल, और गुरविंदर सिंह उर्फ ​​जीता पुत्र सतनाम सिंह, निवासी संगतपुर, थाना बिलगा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर PB08AT8927 की दो नकली नंबर प्लेट के साथ) और एक दरांती बरामद की है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी वारदातों को अंजाम देने के लिए नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इससे अन्य वारदातों और उनके तीसरे साथी के बारे में विस्तृत पूछताछ की जा सकेगी।

   

सम्बंधित खबर