जालंधर में इंसाफ के लिए धरना:मामा के बेटे पर दुष्कर्म की कोशिश और बावाखेल पुलिस पर मारपीट का आरोप
- DSS Admin
- May 13, 2026
जालंधर के कपूरथला चौक पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब नीतू नामक एक महिला ने अपने मासूम बच्चे और बुजुर्ग पिता के साथ बीच सड़क पर धरना लगा दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके मामा के बेटे ने न केवल उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया, बल्कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल कीं। नीतू का यह भी आरोप है कि थाना बावाखेल में सुनवाई के बजाय वहां के एसएचओ और एक महिला मुलाजिम ने उसके और उसके साथ आई सोशल वर्कर चन्नी के साथ मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया। नीतू ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उसके मामा का लड़का उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा है। उसने नीतू की फोटो को किसी अन्य व्यक्ति की फोटो के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और वैवाहिक जीवन पूरी तरह बर्बाद हो गया है। पीड़िता के अनुसार, तीन-चार दिन पहले कुछ लोगों ने उस पर हमला किया था। जब उसके पिता उसे बचाने आए, तो हमलावरों ने उनके सिर पर जोरदार वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। नीतू का आरोप है कि आरोपी पक्ष रसूखदार है और पैसे के दम पर पुलिस को गुमराह कर रहा है, जिसके कारण उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही। थाने के भीतर मारपीट का आरोप मामले में नया मोड़ तब आया जब नीतू अपनी मदद के लिए सोशल वर्कर चन्नी को साथ लेकर थाना बावाखेल पहुंची। आरोप है कि वहां पुलिस अधिकारियों के साथ बहस के दौरान एक महिला मुलाजिम (जिसे स्थानीय सूत्रों द्वारा थाने का कर्मी बताया जा रहा है) ने नीतू और चन्नी पर हाथ उठा दिया और उनके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद सोशल वर्कर चन्नी ने अपनी एमएलआर (मेडिकल लीगल रिपोर्ट) भी कटवाई है और थाने के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि जो पुलिस रक्षक है, वही थाने के भीतर भक्षक बन रही है। पुलिस की कार्रवाई धरने की सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ रघुवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रारंभिक जानकारी देते हुए बताया कि थाने में किसी पानी पिलाने वाली महिला के साथ बहस हुई थी, जिसमें थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। इसके तुरंत बाद थाना बावाखेल को सूचित किया गया। मौके पर सब-इंस्पेक्टर योगिता सहोता ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बात की। उन्होंने नीतू और चन्नी की लिखित शिकायत ले ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारपीट और दुष्कर्म की कोशिश के आरोपों की गहनता से जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद ही कपूरथला चौक से धरना हटाया गया।

