लुधियाना प्रताप चौक पर ATM तोड़ने की कोशिश:बैंक ऑफ बड़ौदा के सीनियर मैनेजर की शिकायत पर FIR दर्ज

लुधियाना के प्रताप चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम (ATM) को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने मशीन से कैश चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि गनीमत यह रही कि चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में जमालपुर के अर्बन एस्टेट (फेस 2) की रहने वाली और बैंक की सीनियर मैनेजर नीलम कुमारी ने बताया कि उनकी प्रताप चौक ब्रांच के बाहर एक एटीएम लगा हुआ है। 12-13 जून की रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस एटीएम मशीन के साथ भारी छेड़छाड़ की। शातिर की मंशा मशीन को तोड़कर अंदर रखा सारा कैश चोरी करने की थी। जब बैंक प्रशासन को इस छेड़छाड़ का पता चला, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने 14 जून को इस मामले में शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस बैंक और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

   

सम्बंधित खबर