लुधियाना में खून से लथपथ मिला प्लंबर का शव:60 फीट ऊंचाई से गिरने से मौत की आशंका, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

लुधियाना के जनक पुरी इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गली नंबर-11 में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव देख इलाके के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 के अधीन पड़ती पुलिस चौकी जनकपुरी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। मोटर ठीक करने आया था मृतक इलाका निवासी मदन ने बताया कि उनके वेहड़े में पानी की मोटर खराब थी। मृतक हरिंदर (48) पेशे से प्लंबर था और मोटर ठीक करने आया था। मदन के मुताबिक हरिंदर ने शराब पी रखी थी। देर रात वह बिना किसी को बताए वहीं रुक गया। रात के समय वह कब छत से नीचे गिरा, किसी को पता नहीं चला। दूसरी मंजिल से गिरने की आशंका स्थानीय लोगों के अनुसार हरिंदर करीब 60 फीट ऊंचाई से नीचे गिरा है। सुबह जब लोग बाहर निकले तो उसका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस हर एंगल से कर रही जांच पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं जांच अधिकारी इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि हरिंदर की मौत वास्तव में छत से गिरने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है। थाना डिवीजन नंबर-2 के SHO जसबीर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी संभावित थ्योरियों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर