मानसा में करंट से छात्र सहित 2 की मौत:ननिहाल में हादसे में बुझा इकलौता चिराग, मां की हो चुकी थी मौत, मशीन से युवक बना शिकार

मानसा जिले के दो अलग-अलग गांवों से बिजली का करंट लगने के कारण दो युवाओं की मौत से शोक की लहर है। इन हादसों में एक 16 वर्षीय छात्र और एक 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। इन दर्दनाक घटनाओं के बाद संबंधित गांवों और पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। मृतकों की पहचान जशनप्रीत सिंह (16) और सहिजपाल सिंह (26) के रूप में हुई है। थाना सदर पुलिस ने मामले में आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद बेहद गमगीन माहौल में परिजनों और ग्रामीणों ने गांव में ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर घरेलू और कृषि उपकरणों में बिजली की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना: गांव मूसा के माता-पिता का इकलौता बेटा बुझा पहला दर्दनाक हादसा मशहूर गांव मूसा के रहने वाले जशनप्रीत सिंह (16) के साथ हुआ। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला जशनप्रीत इन दिनों अपने ननिहाल गांव खोखर गया हुआ था। वहाँ अचानक बिजली का जोरदार करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई। जशनप्रीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों ने रोते हुए बताया कि लगभग सात साल पहले जशनप्रीत की मां का भी एक गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया था। पिता ने बड़े लाड-प्यार से अपने इकलौते बेटे को पाला था, लेकिन कुदरत के इस क्रूर क्रश ने परिवार का आखिरी चिराग भी छीन लिया। इस घटना के बाद गांव मूसा में शोक की लहर है। दूसरी घटना: चारा काटने वाली मशीन में आया करंट, सहिजपाल की मौत दूसरा हादसा गांव हमीरगढ़ ढैपई में सामने आया। यहाँ 26 वर्षीय युवक सहिजपाल सिंह अपने घर पर पशुओं के लिए चारा काटने वाली मशीन (टोका मशीन) पर काम कर रहा था। काम के दौरान मशीन में अचानक हाई-वोल्टेज करंट आ गया, जिसकी चपेट में सहिजपाल आ गया। परिजन आनन-फानन में सहिजपाल को बेहोशी की हालत में मानसा के सिविल अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

   

सम्बंधित खबर