मोगा में खाली प्लॉट से युवक का शव मिला:भाजपा उम्मीदवार का प्रचार किया, 21 मई से था लापता

मोगा के कोटकपूरा रेलवे फ्लाईओवर ब्रिज के पास एक खाली प्लॉट से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मोगा के गांव महिमे आना निवासी अमनदीप सिंह उर्फ अमना (35) के रूप में हुई है। परिवारिक सदस्यों ने बताया कि अमनदीप सिंह अपने दोस्त कृष्ण सैनी, जो काउंसलर का चुनाव लड़ रहे हैं, के चुनाव प्रचार के लिए मोगा आया था। 21 मई की शाम चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद वह रात करीब 7:30 बजे अपने गांव के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी। परिवार को आज मिली सूचना आज परिवार को सूचना मिली कि एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिवार ने शव की पहचान अमनदीप सिंह के रूप में की। मृतक अमनदीप सिंह दो बेटियों का पिता था। परिवार ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। डीएसपी जतिंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। उन्होंने मीडिया को बताया कि परिवार की ओर से पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी और पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। अब युवक का शव खाली प्लॉट से बरामद होने के बाद गुमशुदगी के मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) जोड़ दी गई है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए फोरेंसिक टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है।

   

सम्बंधित खबर