सोनारपुर हमले के बाद सुरक्षा नहीं मांगी: अभिषेक बनर्जी
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
कोलकाता, 6 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने स्पष्ट किया है कि सोनारपुर में उन पर हुए हमले के बाद उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा की मांग नहीं की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि इस संबंध में मीडिया के एक वर्ग में चल रही खबरें पूरी तरह निराधार और असत्य हैं।
अभिषेक ने कहा कि 30 मई को हुई घटना के बाद पिछले सात दिनों में उन्होंने किसी भी प्रकार की केंद्रीय सुरक्षा के लिए आवेदन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह मामला राज्य और केंद्र, दोनों सरकारों की जानकारी में है और घटना को लेकर दोनों पक्षों को जवाबदेह होना चाहिए।
सांसद ने कहा कि पिछले एक महीने के दौरान पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म और आम लोगों के खिलाफ कई गंभीर अपराध हुए हैं, जिनमें से अनेक मामलों में अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उनका कहना है कि राज्य के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
अभिषेक ने राज्य और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से राजनीतिक प्रचार और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान देने के बजाय आम लोगों की सुरक्षा पर अधिक ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सुरक्षा, जवाबदेही और सच्चाई जानने का अधिकार रखती है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सोनारपुर में पार्टी के एक मृत कार्यकर्ता के परिवार से मिलने के दौरान अभिषेक बनर्जी को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की हुई, कपड़े फाड़ दिए गए, चश्मा टूट गया तथा उन पर अंडे और पत्थर भी फेंके गए थे। घटना के बाद उनके केंद्रीय सुरक्षा की मांग करने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिनका उन्होंने अब खंडन किया है।
---------------

