दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान नंबर वन, कानून व्यवस्था चौपट: खाचरियावास
- Admin Admin
- Oct 03, 2025
जयपुर, 3 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा भारत सरकार के नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान नंबर वन पर आया है। जबकि राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह यह कहते हैं कि दो वर्ष पहले के ही आंकड़े हैं। दो वर्ष पहले कांग्रेस की सरकार थी आपने तो इन दो वर्षों में कीर्तिमान बनाया है। कांग्रेस की सरकार को गए दो वर्ष हो गए। फिर भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह को कांग्रेस सरकार सपनों में दिखाई देती है। जवाब राजस्थान की भाजपा सरकार को देना है। पूरे राजस्थान में भाजपा नेता ,विधायक और मंत्री अपने साथ हिस्ट्रीशीटर और भू माफियाओं को लेकर घूम रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भू माफिया, जेब कट माफिया, किडनैप माफिया, बलात्कार माफिया, भ्रष्टाचार माफिया काम कर रहा है और यह सब राजस्थान की भाजपा सरकार की नाक के नीचे हो रहा है। सरकार में बैठे हुए नेता इन मामलों में शामिल है। आम आदमी थाने में जाने से डरता है। सड़क पर महिलाएं निकलने से डरती है। राजस्थान में नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े आने के बाद गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह घुमा फिरा कर आंकड़ों को दबाना चाहते हैं। इससे भाजपा सरकार की 2 वर्षों की असफलता और कानूनी व्यवस्था चौपट होने की कार्यशैली छुपने वाली नहीं है ,भाजपा सरकार को मुख्यमंत्री को जवाब देना होगा। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो केंद्र की सरकार के जरिए काम करता है उससे स्पष्ट हो गया है कि राजस्थान में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश



