पंचकूला निगम चुनाव-सबसे पहले आएगा वार्ड 8 का रिजल्ट:मेयर व पार्षद के लिए 10-10 टेबल, मेयर के लिए होगी 21 राउंड में मतगणना
- DSS Admin
- May 12, 2026
पंचकूला नगर निगम चुनाव की मतगणना 13 मई को सेक्टर-14 स्थित गर्ल्स कॉलेज में होगी। मेयर पद के लिए 10 टेबल लगाई गई हैं और मतगणना 21 राउंड में पूरी की जाएगी। वहीं 20 वार्डों की मतगणना के लिए भी 10 टेबल निर्धारित की गई हैं। प्रशासन ने मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। रिटर्निंग अधिकारी संयम गर्ग के अनुसार प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंटों को सुबह साढ़े 7 बजे तक ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतगणना केंद्र पर बैरिकेडिंग और प्रवेश नियंत्रण की व्यवस्था भी की गई है। पहले 1 से 10 वार्ड की होगी मतगणना पहले चरण में वार्ड-1 से वार्ड-10 तक की मतगणना होगी। इसके बाद वार्ड-11 से वार्ड-20 तक वोटों की गिनती की जाएगी। कम बूथ होने के कारण वार्ड-8 का परिणाम सबसे पहले आने की संभावना है। इस वार्ड में केवल 8 राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी। दूसरी ओर वार्ड-17 में सबसे अधिक 13 बूथ होने के कारण यहां सबसे अंत में नतीजा आने की संभावना है। निगम एरिया में हुआ 53.38 प्रतिशत मतदान पंचकूला नगर निगम चुनाव के दौरान कुल मतदान 53.38 प्रतिशत दर्ज किया गया। निगम एरिया के 2,07,444 वोटरों में से 1,10,743 लोगों ने मत का प्रयोग किया। चुनाव में कुछ बूथों पर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जबकि कई बूथों पर वोटिंग बेहद कमजोर रही। सबसे ज्यादा मतदान वार्ड-19 के बूथ नंबर-191 पर हुआ, जहां 486 मतदाताओं में से 440 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 90.53% रहा। इसके बाद वार्ड-20 के बूथ नंबर-199 पर 90.05 प्रतिशत और बूथ नंबर-195 पर 88.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

