केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में अड़ंगा डाल रहे मुख्यमंत्री सुक्खू : हर्ष मल्होत्रा

धर्मशाला, 2 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला के एकदिवसीय दौरे पर धर्मशाला पंहुचे केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में बनने वाले केंद्रीय विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस का कार्य प्रदेश सरकार ने जानबूझकर लटका रखा है। सीयू की फोरेस्ट क्लीयरेंस की फाईल मुख्यमंत्री कार्यालय में पेंंडिंग है तथा अपने हिस्से के 30 करोड़ जमा नही करवाए जा रहे। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में उक्त आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं तथा प्रदेश की आर्थिकी डगमगाई हुई है। प्रदेश में 10 झूठी गांरटियां दी गई थी, जिनमें से अब तक एक को भी सही अर्थों में पूरा नहीं किया गया है। पहले से भाजपा की सरकार की ओर से लोगों को प्रदान की जा रही सुविधाओं को भी बंद करके कांग्रेस ने छीन लिया है, और हर तरफ टैक्स व मूल्यों को बढ़ाया जा रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि नार्थ कैंपस सीयू के 250 करोड़ के लिए हिमाचल के हिस्से के फोरेस्ट क्लीयरेंस के 30 करोड़ अब तक जमा नहीं हुए हैं। उन्होंने प्रदेश के सीएम से छात्रों व बच्चों के हितों से खिलवाड़ न करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अब तो अस्समेंट करवाकर पैसे भी कम जमा करवाने की बात कही गई है, तो ऐसे में जल्द राज्य के हिस्से के जमा करवाकर कार्य को शुरू करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार जनता की सेवा से भटकी हुई है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए सड़क किनारे ट्रांसप्लांट किये जा रहे पेड़

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग भी आज के समय में बड़ी समस्या बनी हुई है, इसके तहत ही पर्यावरण संरक्षण को कड़े कदम उठाने होंगे। नेशनल हाइवे में पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें ट्रांसप्लांट किया जा रहा है। यदि पेड़ काटने भी पड़ें तो काटे गए पेड़ों के मुकाबले पांच गुणा पौधारोपण किया जा रहा है। केंद्र सरकार के प्रोजेक्टों से फोरलेन कार्यों को गति मिल रही है। दूरी कम करने के लिए सड़कें बन रही है, जिसमें पहाड़ी क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण सुरेंगी भी बनाई जा रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में केंद्र की ओर से नेशनल हाईवे फोरलेन बनाये जा रहे है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत भी बजट जारी किया गया है।

स्वच्छता सेवा पखवाड़े में लिया भाग

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से दो अक्तूबर महात्मा गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसमें स्वच्छता अभियान व एक पौधा मां के नाम सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की गई हैं।

अपने धर्मशाला दौरे के दौरान उन्होंने बस स्टैंड धर्मशाला में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इसके साथ ही चीलगाड़ी में एक पौधा मां के नाम के तहत रोपित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व पौधे लगाने के अभियान को मात्र पखवाड़े की बजाय जिंदगी में उतारना होगा और हर सप्ताह एक पौधा व्यक्ति को रोपित करना चाहिए जिसे संरक्षित करके पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश देना होगा। इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर