फरीदाबाद में भाजपा कार्यकर्ता काे गोली मारी, घायल

फरीदाबाद, 6 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में शनिवार देर रात को बाइक सवार युवकों ने बीजेपी कार्यकर्ता को गोली मार दी। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाजपा कार्यकर्ता की पहचान रजनीश (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मतदान के दौरान वह बूथ से 50 मीटर दूर टेबल लगाकर बैठा था।

इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दाे लडक़े आए, पहले तो उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता से बहस की। इसके बाद उन्होंने अचानक पिस्टल निकाल ली। भाजपा कार्यकर्ता को कमर के पास गोली लगी। फिलहाल युवक की तबीयत ठीक बताई जा रही है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।। बाइक सवार आरोपियों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। रजनीश पिछले 14 सालों से भाजपा पार्टी से जुड़े हुए हैं। इससे पहले वे आरएसएस के सदस्य भी रह चुके हैं और अभी भी आरएसएस से जुड़े हुए हैं। रजनीश बिल्डिंग मटेरियल का काम करते हैं और उनका फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के पास भारत कॉलोनी में 33 फीट रोड पर मकान है।

घटना की सूचना पाकर फरीदाबाद विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल निजी अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, कार्यकर्ता भाजपा पार्टी का हो या किसी अन्य पार्टी का, कानून सबके लिए बराबर है। चश्मदीद कोमल पंडित ने बताया कि जब सभी निधि पब्लिक स्कूल के बाहर खड़े थे तो एक बाइक पर दो आदमी आए, जिन्होंने मुंह पर गमछा बांधा हुआ था।

बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, गोली किसने चलाई यह पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि दिन में कुछ छोटी-मोटी बात हुई थी। बस इतना पता है कि दो आदमी आए, गोली मारकर भाग गए। वहीं अस्पताल पहुंचे एसीपी विवेक कुंडू ने बताया कि जानकारी मिली है कि युवक की हालत स्थिर है, जो शिकायत मिलेगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी, युवक को गोली लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर