माजरा में खूनी संघर्ष: हरियाणा से आए युवकों ने परिवार पर बोला हमला, तीन घायल

नाहन, 06 जून (हि.स.)। जिला सिरमौर के पुलिस थाना माजरा के तहत आने वाले गांव लोहगढ़ में आपसी कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। हरियाणा के यमुनानगर से आए कुछ लोगों ने स्थानीय युवकों और 10-12 लड़कों के साथ मिलकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें तीन भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जून को शौकत अली पुत्र स्वर्गीय सलामुदीन (निवासी गांव लोहगढ़, डाकघर हरीपुरखोल, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर) ने माजरा थाना में इस वारदात की लिखित शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायतकर्ता शौकत अली ने पुलिस को बताया कि बीते एकजून को उसके भाई इस्मूदीन और आजिम खान के बीच किसी बात को लेकर आपसी झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश के चलते आजिम खान और उसके ससुर अली नवाज (निवासी गांव बिजोली, तहसील सढौरा, जिला यमुनानगर, हरियाणा) ने एक सोची-समझी साजिश रची।

आरोप है कि अली नवाज अपने साथ दो औरतों और करीब 10 से 12 अज्ञात लड़कों को लेकर लोहगढ़ पहुंचा। इन सभी ने मिलकर शौकत अली के परिवार पर लाठी-डंडों से अचानक हमला बोल दिया।

इस अचानक हुए हमले में शिकायतकर्ता शौकत अली, उसका भाई इस्मूदीन और दूसरा भाई इमरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

माजरा पुलिस ने शौकत अली की शिकायत पर नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले का आगामी अन्वेषण कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर