सोशल मीडिया पर कांग्रेसी नेताओं के वायरल वीडियो में महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी निंदनीयः डॉ अलका गुर्जर

जयपुर, 7 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय सचिव डॉ अलका गुर्जर ने कांग्रेसी नेताओं द्वारा महिलाओं पर की कई टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राजस्थान विधानसभा में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के मंत्री द्वारा महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी अशोभनीय और निंदनीय है। कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री की टिप्पणी कांग्रेसी नेताओं की घटिया सोच और मानसिकता को दर्शाता है। महिलाओं को लेकर दिए गए बयान से कांग्रेसी विधायकों के नैतिक मूल्यों का भी स्तर पता चल रहा है।

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ अलका गुर्जर ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, इसमें कांग्रेसी नेताओं द्वारा महिलाओं पर अभ्रद टिप्पणी की जा रही है और ठहाके मारे जा रहे है। वायरल वीडियो में कांग्रेसी विधायक बोल रहे है कि ‘‘जिसको बड़ा नेता बनाना है, वह दबाएंगी पैर‘‘। इस बयान से कांग्रेसी नेताओं के नैतिक पतन की हकीकत भी सामने आ रही है। यह पहला मामला नहीं है, जब कांग्रेसी नेताओं द्वारा महिलाओं का अपमान किया गया हो। इससे पहले भी कांग्रेसी नेताओं द्वारा महिला अपराध बढ़ने पर सदन में राजस्थान को मर्दों का प्रदेश बताया था। प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के राज में ही महिलाओं पर अत्याचार मामलों में राजस्थान पहले पायदान पर पहुंच गया था।

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ अलका गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं का अपमान करना फैशन बन गया है। राजस्थान ही नहीं, देशभर में कांग्रेसी नेताओं द्वारा महिलाओं को लेकर आए दिन अशोभनीय बयान जारी किए जा रहे है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने अभिनेत्री और सांसद कंगना राणावत के लेकर तो कांग्रेस महासचिव सुरजेवाला ने हेमा मालिनी को लेकर विवादित बयान दिया था। ऐसे में कांग्रेसी नेताओं के महिलाओं को लेकर दिए जा रहे बयान से उनकी सोच सामने आ रही है। ऐसे में इनकी राष्ट्रीय नेता द्वारा लड़की हूं, लड़ सकती हूं के नारा दिखावा प्रतित हो गया। कांग्रेस के आला कमान को पहले कांग्रेसी नेताओं को महिलाओं का सम्मान करना सिखाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश / संदीप

   

सम्बंधित खबर