हरिद्वार, 12 मई (हि.स.)। पंजाब नेशनल बैंक की खड़खड़ी शाखा में करोड़ों रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे बैंक कर्मचारी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पांच हजार रुपये के इनामी आरोपित गौरव कुमार को हरिद्वार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दबोच लिया। आरोपित लंबे समय से ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, भीमगोड़ा खड़खड़ी निवासी हरिओम पुत्र बेसाखी ने 23 मार्च 2025 को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि खड़खड़ी शाखा में तैनात बैंक कर्मचारी गौरव कुमार ने साजिश के तहत उनके खाते से करीब 2 करोड़ 73 लाख 60 हजार 1 रुपये निकाल लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। जांच में पता चला कि आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। मुखबिर तंत्र, मोबाइल लोकेशन और सुरागरसी की मदद से पुलिस ने आरोपित को सहारनपुर के नानकपुर जनता रोड, थाना जनकपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

