कैथल: क्रेडिट कार्ड से कमाई का झांसा देकर युवक से 14 लाख की ठगी
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
कैथल, 08 जुलाई (हि.स.)। क्रेडिट कार्ड के जरिए अतिरिक्त कमाई कराने का झांसा देकर एक युवक से करीब 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने पहले युवक का विश्वास जीता, फिर उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी और मोबाइल पर आए ओटीपी लेकर कार्ड से लाखों रुपये की खरीदारी कर ली। बाद में रकम लौटाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन अंततः देने से इनकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता अर्जुन नगर निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि वह निजी कार्य करता है और उसके विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बने हुए हैं। उसके परिचित मनीष गर्ग ने उसे बताया कि क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। इसी बहाने उसने प्रदीप की मुलाकात सारांश जैन से कराई।प्रदीप के अनुसार, मार्च महीने में सारांश जैन ने उसके क्रेडिट कार्ड अपने पास लेकर कार्ड की पूरी जानकारी और मोबाइल पर प्राप्त होने वाले ओटीपी मांगे। आरोप है कि इसके बाद सारांश ने हिसार निवासी वेदांग तायल और तरुण के साथ मिलकर उसके क्रेडिट कार्डों का इस्तेमाल करते हुए करीब 14 लाख रुपये के सामान की खरीदारी कर डाली।जब प्रदीप ने कार्ड से हुए खर्च के बारे में सवाल किया तो आरोपियों ने जल्द ही पूरी राशि मुनाफे सहित लौटाने का भरोसा दिया। काफी समय तक वे अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालते रहे। बाद में उन्होंने स्पष्ट रूप से पैसे लौटाने से मना कर दिया।शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह गिरोह इसी तरह लोगों को झांसे में लेकर हिसार, पटियाला, जींद, कैथल सहित कई स्थानों पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।शहर थाना के जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
---------------

