धौलपुर में शहरी सेवा शिविर में गैरहाजिर मिले 17 कार्मिक

धौलपुर, 19 जून (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी हरिराम मीणा ने शुक्रवार को धौलपुर में आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिविर में तैनात कुल 70 कर्मचारियों में से 17 अनुपस्थित पाए गए। इनमें नगर परिषद के 7 कर्मी शामिल थे। जिनमें 4 नियमित सरकारी कर्मचारी और 3 संविदा कर्मी थे। इसके अलारवा विभिन्न अन्य विभागों के 10 कर्मचारी भी गैरहाजिर मिले।

शहरी सेवा शिविर में कार्मिकों के गैरहाजिर रहने पर अपर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, और कर्मचारियों की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी मीणा ने शिविर में आए लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और उनके समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और यथासंभव मौके पर ही उसका निस्तारण किया जाए। शहरी सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। ऐसे में सभी कर्मचारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे समय पर उपस्थित होकर अपनी ड्यूटी का ईमानदारी से निर्वहन करें। अपर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए। इसके साथ ही प्रभारी अधिकारी शहरी सेवा शिविर एवं सहायक नगर नियोजक नगर परिषद धौलपुर को सभी शिविर कार्मिकों की प्रातः 09:30 एएम बजे से सायं 06:00 बजे तक उपस्थिति सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अनुपस्थित कार्मिकों की रिपोर्ट प्रतिदिन कार्यालय में भिजवाए जाने के निर्देश भी दिए।

---------------

   

सम्बंधित खबर