NEET-UG को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन एक्टिव:CAPF की सुरक्षा में पहुंचेंगे प्रश्नपत्र, दो स्तर पर होगी छात्रों की चेकिंग; हर सेंटर पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
चंडीगढ़ में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) 2026 को लेकर प्रशासन भी एक्टिव हो गया है। परीक्षा के लिए सात सेंटर बनाए गए हैं। डीसी निशांत यादव ने परीक्षा को लेकर तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने बताया है कि परीक्षा सामग्री को लेकर जाने के लिए CAPF की सुरक्षा ली जाएगी। दूसरा, परीक्षा केंद्र में जाने वालों की दो स्तर पर चेकिंग होगी। पहले पुलिस चेक करेगी, जबकि दूसरी जांच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा विशेष रूप से काम पर रखी गई एक प्रोफेशनल एजेंसी द्वारा की जाएगी। पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा के दिन अपना एडमिट कार्ड और सरकार द्वारा जारी एक वैध फोटो पहचान पत्र अपने साथ जरूर लाएं। उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले अपने-अपने केंद्रों पर रिपोर्ट करें। 3800 स्टूडेंट्स होंगे अपीयर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा 21 जून, 2026 को होनी तय हुई है। परीक्षा में 3,800 उम्मीदवार शामिल होंगे। चंडीगढ़ के विभिन्न स्कूलों में कुल 7 (सात) परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तयशुदा बैंकों से परीक्षा केंद्रों तक गोपनीय परीक्षा सामग्री (प्रश्न पत्रों) को लाने-ले जाने का काम केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) और संबंधित केंद्र अधीक्षक (Centre Superintendent) की कड़ी सुरक्षा निगरानी में किया जाएगा, ताकि हर स्तर पर परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा बनी रहे। नकल रोकने और निगरानी के कड़े इंतजाम: परीक्षा के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक/मोबाइल डिवाइस या अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक जैमर लगाए गए हैं। उम्मीदवारों की सुरक्षा जांच दो स्तरों पर की जाएगी। पहले पुलिस व दूसरा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा विशेष रूप से काम पर रखी गई एक प्रोफेशनल एजेंसी द्वारा। परीक्षार्थियों की सुविधा और आराम के लिए सभी केंद्रों पर पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, वेंटिलेशन और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। डीसी ने लोगों से सहयोग की अपील की है।

