सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने पर केजरीवाल ने जताई कड़ी आपत्ति

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर कुछ लोगों के साथ दिल्ली आ रहे समाजसेवी सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर कड़ी आपत्ति जताई है। आआपा के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली में आने से कभी किसानों को रोकते हैं, तो कभी लद्दाख के लोगों को रोकते हैं। क्या दिल्ली किसी एक शख्स की बपौती है? दिल्ली तो देश की राजधानी है और दिल्ली में आने का सब को अधिकार है। यह सरासर ग़लत है। आखिर निहत्थे शांतिपूर्ण लोगों से इन्हें क्या डर लग रहा है।

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली के बॉर्डर पर गिरफ्तार कर लिया है। सोनम वांगचुक लद्दाख में रहते हैं। उन्होंने पूरे देश का खूब मान-सम्मान बढ़ाया है। उनके इनोवेशन और एजुकेशन के आइडियाज, पर्यावरण के क्षेत्र में उनके किए गए काम से पूरा देश और दुनिया लाभांवित हो रहा है। सोनम वांगचुक अपने साथ समाजसेवी, आर्मी से सेवानिवृत्त कर्मचारी समेत कुछ प्रख्यात लोगों को लेकर मंगलवार को दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचे थे।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि सोनम वांगचुक का इरादा था कि वह दो अक्टूबर महात्मा गांधी की समाधि पर बैठ कर लद्दाख की स्थिति पर चर्चा करें। केंद्र की भाजपा सरकार ने लद्दाख के अधिकार छीन लिया है। कुछ साल पहले तक लद्दाख पूर्ण राज्य होता था। लेकिन भाजपा ने लद्दाख को केंद्र शासित राज्य बना दिया है। सोनम वांगचुक समेत लद्दाख के बहुत सारे लोग पूर्ण राज्य की मांग को लेकर दिल्ली आ रहे थे। उनका कहना है कि भारत में लोकतंत्र है और संविधान में लोगों को अपनी सरकार चुनने का अधिकार है। हमें भी अपनी राज्य सरकार चुनने का अधिकार दिया जाए। लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस किया जाए। केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक को दिल्ली में आने से रोकने के लिए बॉर्डर पर अपनी पूरी फोर्स लगा दी और दिल्ली में प्रवेश करने से पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया और थाने में रखा गया है।

सिसोदिया ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार यह क्या कर रही है। दिल्ली तो सबकी है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक हर भारतवासी का दिल्ली आने का अधिकार है। इससे पहले, केंद्र सरकार ने पंजाब के किसानों को रोक लिया और आज लद्दाख के लोगों को रोक लिया। क्या पंजाब और लद्दाख के लोगों की दिल्ली नहीं है। केंद्र सरकार किसी को भी दिल्ली में घुसने से रोक लेती है। क्योंकि वो पूर्ण राज्य का दर्जा मांग रहे हैं। भाजपा ने सोनम वांगचुक को इसलिए गिरफ्तार किया है, क्योंकि आज वह जो आवाज उठा रहे हैं, वो सिर्फ लद्दाख की आवाज नहीं है, बल्कि पूरे देश की है।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा ने फार्मूला बनाया है कि हर एक राज्य को टेक ओवर करके धीरे-धीरे केंद्र शासित राज्य बनाया जाए। आज सोनम वांगचुक लद्दाख की आवाज को लेकर दिल्ली आ रहे हैं और केंद्र सरकार ने उनको गिरफ्तार कर लिया। लेकिन सोनम वांगचुक की आवाज को केंद्र सरकार दबा नहीं सकती है। सोनम वांगचुक के साथ पूरा देश खड़ा है। आम आदमी पार्टी और पूरी दिल्ली उनके साथ खड़ी है। हमें सोनम वांगचुक पर गर्व है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

   

सम्बंधित खबर