राजसमंद में चाकू वार की घटना के बाद तनाव

उदयपुर, 4 अक्टूबर (हि.स.)। सम्भाग के राजसमंद जिला मुख्यालय पर एक युवक पर चाक़ूवार की घटना के बाद तनाव व्याप्त हो गया। गुरुवार रात हुई इस वारदात के बाद लोग एकत्र हो गए और नारेबाजी की। इस दौरान एक मोहल्ले में मकानों से पत्थर भी फेंके गए। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। राजसमंद में रात से ही 6 थानों का पुलिसबल तैनात है। फिलहाल शुक्रवार सुबह से तनावपूर्ण नियंत्रण की स्थिति है। पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया है।

डीवाईएसपी विवेक सिंह ने बताया कि भिक्षु निलयम के पास दो युवकों ने कांकरोली के रहने वाले दक्ष प्रजापत (25) नाम के युवक पर चाकू से हमला कर दिया था। युवक पेशे से बॉक्सर है। शाम करीब 6.30 बजे हुई घटना में युवक के हाथ पर चोट आई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे पुलिस हॉस्पिटल ले गई। जहां रात में ही उसे छुट्‌टी दे दी गई।

शाम को हुई चाकूवार की घटना के बाद राजनगर थाने में लोग जुटने लगे। लोग नारेबाजी कर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। नारेबाजी करते हुए जब लोग नायकवाड़ी से गुजरे तो मकानों के ऊपर से उन पर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद भगदड़ मच गई। सीआई योगेश चौहान सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने लोगों को वहां से हटाया और पथराव करने वालों को चेतावनी दी।

इसके बाद गुस्साई भीड़ ने माणक चौक इलाके में मकानों पर पथराव कर दिया। गुस्साए लोगों ने एक सवारी टेम्पो को आग लगा दी और शीशे फोड़ दिए।

सूचना पर मौके पर पहुंची नगर परिषद की दमकल ने आग बुझाई। डिप्टी एसपी विवेक सिंह ने नायकवाड़ी इलाके में जुटे लोगों को समझाकर शांत किया।

बताया जा रहा है हमलावर युवक नायकवाड़ी के रहने वाले हैं। रात करीब 10 बजे बाद राजनगर क्षेत्र में पत्थरबाजी, आगजनी की घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया। हमले के बाद कई संगठनों के पदाधिकारी भी राजनगर थाने पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।

हमलावारों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

गौरतलब है कि 7 दिन पहले भी हमले की वारदात के कारण राजनगर में तनाव हो गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

   

सम्बंधित खबर